उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने देश के पूर्व प्रधानमंत्री और भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी को उनकी 101वीं जयंती पर श्रद्धापूर्वक नमन किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी भारतीय राजनीति के ऐसे महान व्यक्तित्व थे, जिन्होंने उत्तर प्रदेश से देश की संसद में अनेक बार प्रतिनिधित्व किया और लखनऊ से सांसद रहते हुए प्रधानमंत्री के रूप में देश को विकास के नए विजन के साथ आगे बढ़ाया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यह वर्ष विशेष महत्व का है, क्योंकि पूरे देश में श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी के जन्मसदी महोत्सव का आयोजन उत्साह और गरिमा के साथ किया जा रहा है। इस दौरान अटलजी की कविताओं के काव्यपाठ, उनके लेखन, पत्रकारिता, संसद और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर दिए गए ऐतिहासिक भाषणों को लेकर देशभर के शिक्षण और प्रशिक्षण संस्थानों में विविध कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी का विराट व्यक्तित्व और कृतित्व आज भी देशवासियों को नई प्रेरणा देता है। उन्होंने बताया कि जन्मसदी के इस अवसर पर डबल इंजन सरकार ने अटलजी की स्मृतियों को जीवंत बनाए रखने और उनके विचारों के प्रवाह को निरंतर आगे बढ़ाने के उद्देश्य से लखनऊ में राष्ट्र प्रेरणा स्थल का निर्माण किया है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यह राष्ट्र प्रेरणा स्थल आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के करकमलों से राष्ट्र को समर्पित किया जाएगा, जो अटल बिहारी वाजपेयी के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि का प्रतीक होगा।
