उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की जयंती के अवसर पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए लोगों से उनके विचारों को आत्मसात करने और विकसित भारत के निर्माण में सहभागी बनने का आह्वान किया।
रविवार को लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कानपुर रोड स्थित बाराबिरवा में संत रविदास मठ परिसर में संत रविदास जी की प्रतिमा का अनावरण किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि संत रविदास ने सामाजिक समरसता, समानता और कर्म साधना के माध्यम से लोक कल्याण का मार्ग प्रशस्त किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि संतों की वाणी और विचार समाज को जोड़ने का कार्य करते हैं और संत रविदास का जीवन सामाजिक समरसता को मजबूत करने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि संत रविदास ने समानता, प्रेम और सामाजिक न्याय का जो संदेश दिया, वह आज भी समाज के लिए मार्गदर्शक है और उनके विचारों को अपनाकर ही समतामूलक समाज का निर्माण संभव है।
सीएम योगी ने कहा कि संत रविदास की प्रेरणा से ही आज “सबका साथ, सबका विकास” की भावना के साथ कार्य किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार द्वारा प्रदेश में 1500 से अधिक धार्मिक स्थलों और संतों से जुड़े स्थानों का जीर्णोद्धार कराया गया है, जिससे धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने में मदद मिली है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि संत रविदास का संदेश “मन चंगा तो कठौती में गंगा” आज भी समाज को सही दिशा देने का कार्य करता है और लोगों को आंतरिक शुद्धता और सकारात्मक जीवन जीने की प्रेरणा देता है।
