उत्तराखंड के रुड़की स्थित कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग (कोर) यूनिवर्सिटी में द्वितीय दीक्षांत समारोह का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) गुरमीत सिंह ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत कर मेधावी विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान कीं। इस गरिमामय अवसर पर विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए राज्यपाल ने कहा कि शिक्षा का वास्तविक उद्देश्य केवल डिग्री प्राप्त करना नहीं है, बल्कि यह राष्ट्र निर्माण और समाज सेवा की मजबूत आधारशिला है। उन्होंने आज के जागरूक युवाओं की सराहना करते हुए उन्हें आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में सक्रिय योगदान देने के लिए प्रेरित किया और जोर देकर कहा कि देश का युवा ही भारत को भविष्य में नई दिशा देगा। राज्यपाल ने विश्वविद्यालय परिसर में विकसित हो रही स्टार्टअप संस्कृति की विशेष रूप से सराहना की और उल्लेख किया कि संस्थान के विद्यार्थियों को 44 लाख रुपये तक के वार्षिक पैकेज मिलना यहाँ की उच्च गुणवत्तापूर्ण और उद्योग जगत की जरूरतों के अनुरूप दी जा रही शिक्षा का एक ठोस प्रमाण है।
