रोहतास जिले के सासाराम में आज केंद्रीय चयन परिषद की सिपाही भर्ती की लिखित परीक्षा आयोजित की जा रही है। जिले में परीक्षा सुचारु और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए कुल 28 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी उदिता सिंह और पुलिस अधीक्षक रौशन कुमार ने अधिकारियों के साथ संयुक्त बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस लिखित परीक्षा में कुल 15,319 परीक्षार्थी शामिल होंगे। परीक्षा का समय दोपहर 12:00 बजे निर्धारित है, जबकि प्रवेश प्रक्रिया सुबह 9:30 बजे से शुरू हो जाएगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि परीक्षार्थियों को हर हाल में 10:30 बजे तक परीक्षा केंद्र के भीतर प्रवेश कर लेना अनिवार्य है, इसके बाद प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी।
एसपी रौशन कुमार ने बताया कि परीक्षा को पूर्णतः निष्पक्ष और शांतिपूर्ण बनाने के लिए व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। इसके तहत 48 स्टेटिक मजिस्ट्रेट, 14 जोनल मजिस्ट्रेट, 51 पुलिस अधिकारी और 5 उड़न दस्ते की तैनाती की गई है। सभी टीमें अपने-अपने क्षेत्रों में निगरानी करते हुए परीक्षा प्रक्रिया को सुचारु रूप से सुनिश्चित करने में लगी हुई हैं।
