दानापुर कैंटोनमेंट स्थित बिहार रेजीमेंट सेंटर में दसवें डिफेंस फोर्सेज वेटरन डे का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक, सेवानिवृत्त सैन्य अधिकारी और वीर नारियां शामिल हुईं, जिससे पूरे परिसर में देशभक्ति और सम्मान का भाव देखने को मिला।
कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि राज्यपाल श्री आरिफ मोहम्मद खान ने किया। उन्होंने देश की सेवा में शहादत देने वाले वीर सैनिकों की वीर नारियों को सम्मानित कर उनके त्याग और बलिदान को नमन किया। कार्यक्रम स्थल पर राज्य सरकार के विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए, जहां पूर्व सैनिकों और उनके परिजनों को सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।
अपने संबोधन में राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने कहा कि देश की स्वतंत्रता, अखंडता और सुरक्षा की रक्षा में सैनिकों, पूर्व सैनिकों और वीर नारियों की भूमिका अतुलनीय है। उन्होंने कहा कि जिन्होंने देश के लिए सर्वोच्च बलिदान दिया है, उनका सम्मान करना केवल सरकार ही नहीं, बल्कि पूरे राष्ट्र का नैतिक दायित्व है।
इस अवसर पर जनरल ऑफिसर कमांडिंग लेफ्टिनेंट जनरल अनिंद्य सेनगुप्ता ने कहा कि इतने बड़े स्तर पर पूर्व सैनिकों और वीर नारियों की उपस्थिति से उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं को समझने का महत्वपूर्ण अवसर मिला है। उन्होंने आश्वासन दिया कि स्थानीय प्रशासन के सहयोग से उनकी समस्याओं के समाधान के लिए बिहार रेजीमेंट सेंटर पूरी तरह से प्रतिबद्ध है।
कार्यक्रम के दौरान देशभक्ति गीतों, सम्मान समारोह और संवाद के माध्यम से सैनिकों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की गई, जिससे यह आयोजन यादगार बन गया।
