उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में कृषि मंत्री गणेश जोशी ने मसूरी विधानसभा क्षेत्र के नागल हटनाला स्थित सामुदायिक भवन में आयोजित कार्यक्रम में कुल 616.67 लाख रुपये की लागत के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस अवसर पर उन्होंने 398.96 लाख रुपये की लागत से तैयार नागल हटनाला पेयजल योजना तथा मंडी परिषद की 23 लाख रुपये की विकास योजनाओं का लोकार्पण किया। साथ ही नागल हटनाला, चालंग और कुल्हान क्षेत्रों में सड़कों एवं नालियों के 188.36 लाख रुपये के निर्माण कार्यों का शिलान्यास भी किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि राज्य सरकार जनहित को सर्वोपरि रखते हुए बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि पेयजल, सड़क और नाली जैसी सुविधाएं आम जनता के जीवन स्तर को बेहतर बनाने में अहम भूमिका निभाती हैं और सरकार सभी क्षेत्रों के संतुलित विकास के लिए प्रतिबद्ध है।
इस दौरान कृषि मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि आंतरिक सड़कों के निर्माण कार्य गुणवत्ता मानकों के अनुसार तय समय सीमा के भीतर पूरे किए जाएं। कार्यक्रम के अंत में उन्होंने क्षेत्र के वरिष्ठ नागरिकों और पार्टी के सक्रिय कार्यकर्ताओं को सम्मानित भी किया।
