उत्तराखंड की राजधानी देहरादून स्थित सचिवालय में सोमवार को आयोजित बैठक में महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने प्रदेश की प्रमुख महिला योजनाओं की समीक्षा की। बैठक में यह निर्णय लिया गया कि पहली बार शुरू की गई एकल महिला स्वरोजगार योजना और नंदा गौरा योजना के लाभार्थियों को फरवरी के पहले सप्ताह में आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी।
कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने बताया कि नंदा गौरा योजना के तहत अब तक 11 जनपदों के लाभार्थियों की अंतिम सूची तैयार कर दी गई है। शेष दो जनपदों के लाभार्थियों की सूची भी जल्द ही फाइनल की जाएगी। वहीं, एकल महिला स्वरोजगार योजना के तहत 504 पात्र महिलाओं की सूची फाइनल की जा चुकी है।
मंत्री रेखा आर्या ने आंगनबाड़ी कल्याण कोष के माध्यम से सेवा निवृत्त आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को 1 अप्रैल से 1 लाख रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की और कहा कि अगले वित्तीय वर्ष में यह राशि बढ़ाने की योजना भी बनाई जा रही है। इसके अलावा, उन्होंने प्रदेश की वृद्ध महिलाओं के लिए आर्थिक, सामाजिक, चिकित्सीय और भावनात्मक सहारा देने हेतु नई योजना तैयार करने की जानकारी भी साझा की।
