गौतम बुध नगर में शनिवार को इस सीजन का पहला घना कोहरा दर्ज किया गया, जिसके बाद ट्रैफिक विभाग ने सड़क हादसों की आशंका को देखते हुए विशेष ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में ठंड और बढ़ने की संभावना है, जिससे विजिबिलिटी और भी कम हो सकती है।
कोहरे को देखते हुए यमुना एक्सप्रेस-वे, नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेस-वे और एलिवेटेड रोड पर वाहनों की गति सीमा घटा दी गई है। ट्रैफिक पुलिस के अनुसार यमुना एक्सप्रेस-वे पर हल्के वाहनों के लिए अधिकतम गति 75 किलोमीटर प्रति घंटा और भारी वाहनों के लिए 60 किलोमीटर प्रति घंटा तय की गई है।
नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेस-वे पर हल्के वाहनों के लिए 75 किलोमीटर प्रति घंटा और भारी वाहनों के लिए 50 किलोमीटर प्रति घंटा की सीमा निर्धारित की गई है। वहीं एलिवेटेड रोड पर हल्के वाहनों के लिए 50 किलोमीटर प्रति घंटा और भारी वाहनों के लिए 40 किलोमीटर प्रति घंटा की अधिकतम गति तय की गई है।
डीसीपी ट्रैफिक ने आम नागरिकों से अपील की है कि कोहरे के दौरान वाहन चलाते समय फॉग लाइट और रिफ्लेक्टर का अनिवार्य रूप से उपयोग करें तथा निर्धारित गति सीमा का पालन करें। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
यातायात विभाग के अनुसार यह नई गति सीमा 15 दिसंबर से 15 फरवरी तक लागू रहेगी। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और सुरक्षित यात्रा करने की अपील की है।
