उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने टिहरी जिले के घनसाली क्षेत्र के पिलखी में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का भूमिपूजन एवं शिलान्यास किया। इस अवसर पर उन्होंने पिलखी या बेलेश्वर में से किसी एक स्थान पर उप-जिला अस्पताल स्थापित करने की घोषणा की, ताकि क्षेत्रवासियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन योजनाओं का शिलान्यास हो चुका है, उनका समयबद्ध लोकार्पण सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों में लंबे समय से मूलभूत सुविधाओं का अभाव रहा है, इसलिए राज्य सरकार हर समस्या के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने केंद्र सरकार की आयुष्मान भारत योजना को विश्व की सबसे बड़ी स्वास्थ्य योजना बताते हुए कहा कि इसके तहत प्रत्येक परिवार को प्रतिवर्ष ₹5 लाख तक का निःशुल्क उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने स्वर्गीय इंद्रमणि बडोनी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके योगदान को याद किया।
