उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने केंद्रीय मंत्रिमंडल द्वारा जल जीवन मिशन (JJM) की अवधि को दिसंबर 2028 तक बढ़ाने के निर्णय का स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि यह फैसला ग्रामीण भारत के जीवन स्तर को बेहतर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण और दूरदर्शी कदम है।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि जल जीवन मिशन 2.0 का लक्ष्य दिसंबर 2028 तक देश के सभी ग्रामीण परिवारों को नल-जल कनेक्शन उपलब्ध कराना और सभी ग्राम पंचायतों को ‘हर घर जल’ प्रमाणन दिलाना है। उन्होंने बताया कि इस मिशन के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए बड़े स्तर पर काम किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2019 में देश के केवल 3.23 करोड़ ग्रामीण परिवारों के पास ही नल-जल कनेक्शन उपलब्ध था, लेकिन जल जीवन मिशन के प्रभावी क्रियान्वयन से अब तक 12.56 करोड़ से अधिक अतिरिक्त ग्रामीण परिवारों को नल-जल कनेक्शन प्रदान किए जा चुके हैं। वर्तमान में देश के 19.36 करोड़ ग्रामीण परिवारों में से लगभग 15.80 करोड़ यानी 81.61 प्रतिशत परिवारों तक नल से स्वच्छ पेयजल पहुंच चुका है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस मिशन के चलते करीब 9 करोड़ महिलाओं को रोजाना पानी ढोने की परेशानी से मुक्ति मिली है, जिससे उनके जीवन में बड़ा बदलाव आया है। उन्होंने इस जनकल्याणकारी और महत्वपूर्ण निर्णय के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय मंत्रिमंडल का आभार व्यक्त किया।
