दीनानगर हलके के गांव धमराही और आसपास के इलाका निवासियों के लिए बड़ी राहत की खबर सामने आई है। पिछले कई वर्षों से विभिन्न कारणों और तकनीकी अड़चनों के चलते अधूरा पड़ा धमराई पुल अब फिर से निर्माण कार्य की दिशा में आगे बढ़ गया है। आज पुल की स्लैब डालने का काम औपचारिक रूप से शुरू कर दिया गया है।
इस मौके पर आम आदमी पार्टी के हलका इंचार्ज शमशेर सिंह विशेष तौर पर मौके पर पहुंचे और निर्माण कार्य का जायजा लिया। उन्होंने लोगों को भरोसा दिलाया कि आने वाले एक महीने के भीतर इस पुल को आम जनता की आवाजाही के लिए खोल दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि पुल की मुख्य स्लैब डालने का काम युद्ध स्तर पर शुरू कर दिया गया है।
यह पुल कई वर्षों से अधूरा होने के कारण इलाके के लोगों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बना हुआ था। स्थानीय लोगों को रोजमर्रा के आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। शमशेर सिंह ने कहा कि स्लैब डालने के बाद निर्धारित समय के भीतर सड़क का निर्माण कार्य पूरा कर लिया जाएगा और लगभग एक महीने के अंदर ट्रैफिक शुरू कर दिया जाएगा।
मीडिया से बातचीत करते हुए शमशेर सिंह और स्थानीय लोगों ने कहा कि पिछली सरकारों की नाकामी के कारण यह प्रोजेक्ट लंबे समय से लटका हुआ था, जिससे आम लोगों को परेशानियां झेलनी पड़ीं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व वाली सरकार जनता की सुविधाओं के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि काम की गुणवत्ता से किसी भी तरह का समझौता न किया जाए और तय समय सीमा के भीतर पुल को शुरू किया जाए।
इस मौके पर इलाके के लोगों ने सरकार और हलका इंचार्ज का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि पुल चालू होने से कई गांवों का आपसी संपर्क आसान हो जाएगा और लोगों का समय भी बचेगा, जिससे क्षेत्र के विकास को गति मिलेगी।
