दीनानगर/पुराना शाला (गुरदासपुर) में क्षेत्र के सर्वांगीण विकास को आगे बढ़ाते हुए हलका इंचार्ज शमशेर सिंह ने पुराना शाला से पंडोरी तक जाने वाली महत्वपूर्ण सड़क के निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। इस अहम परियोजना पर लगभग 7.50 करोड़ रुपये की राशि खर्च की जाएगी।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए शमशेर सिंह ने कहा कि यह सड़क क्षेत्र की अर्थव्यवस्था और आवागमन के लिए रीढ़ की हड्डी साबित होगी। उन्होंने बताया कि लंबे समय से सड़क की जर्जर हालत के कारण स्थानीय निवासियों और राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। लोगों की मांग को देखते हुए सरकार ने विशेष बजट स्वीकृत किया है।
उन्होंने भरोसा दिलाया कि सड़क का निर्माण उच्च गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय सीमा में पूरा किया जाएगा, ताकि लोगों को जल्द राहत मिल सके।
सड़क निर्माण कार्य शुरू होने पर क्षेत्र के ग्रामीणों में खुशी की लहर देखी गई। गांववासियों ने हलका इंचार्ज का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इससे न केवल आवागमन सुगम होगा, बल्कि कृषि और व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। इस अवसर पर विभिन्न गांवों के पंच, सरपंच और पार्टी के वरिष्ठ नेता भी उपस्थित रहे।
