जिले के युवाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने और उन्हें कौशल विकास से जोड़ने के उद्देश्य से नवाब उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में एक दिवसीय रोजगार-सह-मार्गदर्शन मेले का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर उन्होंने मेले में शामिल सभी अभ्यर्थियों को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं और युवाओं से उपलब्ध अवसरों का अधिकतम लाभ उठाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं के स्वावलंबन को बढ़ावा देने की दिशा में भी महत्वपूर्ण पहल की गई। जिलाधिकारी द्वारा 22 महिलाओं को स्व-रोजगार प्रोत्साहन के तहत टूल किट योजना अंतर्गत सिलाई मशीन वितरित की गई, जिससे वे स्वयं का रोजगार शुरू कर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन सकें।
रोजगार-सह-मार्गदर्शन मेला पूर्वाह्न 10:00 बजे से अपराह्न 4:00 बजे तक संचालित हुआ। मेले में कुल 22 नियोजक कंपनियों ने भाग लिया, जिनके माध्यम से निजी क्षेत्र में रोजगार के विविध अवसर उपलब्ध कराए गए। प्रमुख कंपनियों में LIC India, Blinkit, Chaitanya Microfinance, Pratham Training Centre, SBI Life, SIS Limited और Fusion Microfinance सहित कई प्रतिष्ठित राज्य स्तरीय संस्थाएं शामिल रहीं।
इन कंपनियों द्वारा उत्पादन, लॉजिस्टिक्स, सेल्स, सिक्योरिटी, मैन्युफैक्चरिंग तथा अन्य तकनीकी एवं गैर-तकनीकी क्षेत्रों में युवाओं के चयन की प्रक्रिया संचालित की गई। मेले में भाग लेने के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 8वीं उत्तीर्ण निर्धारित की गई थी, ताकि अधिक से अधिक युवा रोजगार अवसरों से जुड़ सकें।
रोजगार मेले में जिले भर से कुल 450 अभ्यर्थियों ने अपना बायोडाटा जमा किया। प्रारंभिक चयन प्रक्रिया के दौरान नियोजक कंपनियों द्वारा 205 अभ्यर्थियों को शॉर्टलिस्ट किया गया है, जिनकी अंतिम चयन प्रक्रिया शीघ्र पूरी की जाएगी।
यह रोजगार मेला युवाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार उपलब्ध कराने, कौशल विकास को बढ़ावा देने और आत्मनिर्भरता की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ।
