शिक्षा विभाग की ओर से माता गुजरी स्कूल ऑफ एमिनेंस, फतेहगढ़ साहिब में जिला स्तरीय दाखिला अभियान-2026 का विधिवत शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री फील्ड ऑफिसर शंकर शर्मा ने विशेष अतिथि के रूप में कार्यक्रम में शिरकत की और एनरोलमेंट वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
कार्यक्रम के दौरान जिला शिक्षा अधिकारी फतेहगढ़ साहिब रविंदर कौर ने जिले के सभी प्राथमिक और माध्यमिक विद्यालयों के अध्यापकों से आपसी सहयोग के साथ सरकारी स्कूलों में विद्यार्थियों की संख्या बढ़ाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि शिक्षक घर-घर जाकर अभिभावकों और बच्चों को सरकारी स्कूलों में उपलब्ध सुविधाओं के बारे में जागरूक करें, ताकि अधिक से अधिक बच्चे शिक्षा से जुड़ सकें।
रविंदर कौर ने बताया कि सरकारी स्कूलों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। इसी क्रम में उन्होंने सत्र 2026-27 के लिए 10 विद्यार्थियों के दाखिला फॉर्म भरकर नए प्रवेश की औपचारिक शुरुआत भी की।
शिक्षा विभाग का यह अभियान जिले में शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करने और शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
