जिले में बढ़ती शीतलहर और कड़ाके की ठंड को देखते हुए जिला प्रशासन ने गरीब, निःसहाय और निर्धन लोगों के लिए कंबल वितरण का अभियान तेज कर दिया है। जिलाधिकारी निखिल धनराज निप्पाणीकर ने जिला मुख्यालय के दलहट्टा और दसभुजी स्थान के आसपास रह रहे जरूरतमंद लोगों के बीच स्वयं कंबल वितरित किए।
जिलाधिकारी ने बताया कि सामाजिक सुरक्षा कोषांग के तहत जिले में गरीब और बेघर लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कंबलों का वितरण किया जा रहा है। रविवार को आयोजित कार्यक्रम में लगभग 100 लोगों को कंबल प्रदान किए गए, जिससे उन्हें ठंड से कुछ राहत मिली।
उन्होंने कहा कि शीतलहर को देखते हुए यह अभियान जिला स्तर से लेकर प्रखंड स्तर तक चलाया जा रहा है। सभी प्रखंडों में संबंधित पदाधिकारियों द्वारा चिन्हित गरीब एवं जरूरतमंदों के बीच कंबल बाँटे जा रहे हैं। साथ ही, आपदा प्रबंधन विभाग की ओर से विभिन्न चौक–चौराहों और सार्वजनिक स्थलों पर अलाव की व्यवस्था भी की जा रही है, ताकि आमजन विशेषकर रात में ठंड से बच सकें।
