जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में हुए दर्दनाक सड़क हादसे में भारतीय सेना के 10 जवान शहीद हो गए। इस हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समेत कई शीर्ष नेताओं ने गहरा दुख व्यक्त किया है। जानकारी के अनुसार, सेना का वाहन भद्रवाह–चंबा अंतरराज्यीय सड़क पर खन्नी टॉप के पास अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गया। वाहन में कुल 17 जवान सवार थे, जिनमें से कई अन्य घायल हो गए हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर शोक व्यक्त करते हुए लिखा,
“डोडा में हुई दुर्घटना से अत्यंत व्यथित हूं, जिसमें हमने अपने बहादुर सेना के जवानों को खो दिया। राष्ट्र के प्रति उनकी सेवा को सदैव याद रखा जाएगा। घायल जवान शीघ्र स्वस्थ हों, यही कामना है। प्रभावितों को हर संभव सहायता प्रदान की जा रही है।”
Deeply anguished by the mishap in Doda, in which we have lost our brave army personnel. Their service to the nation will be remembered forever. May the injured recover at the earliest. All possible support is being provided to those affected.
— Narendra Modi (@narendramodi) January 22, 2026
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी हादसे पर दुख जताते हुए कहा कि इस दुर्घटना में जिन वीर जवानों ने अपने प्राण गंवाए हैं, उनके परिजनों के प्रति वह गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं। उन्होंने बताया कि घायल जवानों को उच्च स्तरीय चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने अपने संदेश में कहा कि डोडा में हुए इस हादसे में भारतीय सेना के 10 बहादुर जवानों का बलिदान अत्यंत पीड़ादायक है। उन्होंने शोकसंतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि घायलों को बेहतर से बेहतर इलाज मुहैया कराया जा रहा है और सभी आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।
केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रमुख चिराग पासवान ने भी इस हादसे को हृदय विदारक बताते हुए शहीद जवानों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
