असम के मध्य हिस्से में आज तड़के सुबह 4 बजकर 17 मिनट पर 5.1 तीव्रता का भूकंप आया। भूकंप का केंद्र राज्य के मोरीगांव जिले के पास स्थित था और इसकी गहराई लगभग 50 किलोमीटर बताई गई है। भूकंप के झटके मोरीगांव समेत मध्य असम के कई इलाकों में महसूस किए गए, जिससे लोगों में दहशत फैल गई।
झटके महसूस होते ही बड़ी संख्या में लोग अपने घरों से बाहर निकल आए। हालांकि राहत की बात यह है कि अब तक किसी के हताहत होने या संपत्ति को नुकसान पहुंचने की कोई सूचना नहीं मिली है। प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है और लोगों से सतर्क रहने की अपील की गई है।
इस भूकंप के झटके भारत तक ही सीमित नहीं रहे, बल्कि पड़ोसी देशों भूटान, नेपाल और बांग्लादेश में भी महसूस किए गए। विशेषज्ञों के अनुसार भूकंप की गहराई अधिक होने के कारण इसका प्रभाव व्यापक क्षेत्र में देखा गया, लेकिन इससे बड़े नुकसान की आशंका फिलहाल नहीं जताई जा रही है।
