पूर्व मध्य रेल की सोननगर–गया–मानपुर–अंडाल मल्टी ट्रैकिंग रेलवे परियोजना के तहत निर्माण कार्य तेज़ी से आगे बढ़ रहा है। इसी क्रम में गुरुवार को मानपुर अंचल के वार्ड संख्या 47 स्थित बृजेश नगर में रेलवे की भूमि पर किए गए अतिक्रमण को प्रशासन ने हटाया। यह कार्रवाई अधिकारियों और पुलिस बल की मौजूदगी में शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई।
यह परियोजना मौजूदा रेलवे लाइन के चौगुनीकरण यानी मल्टी-ट्रैकिंग से संबंधित है, जिसके तहत नई रेलवे लाइन बिछाई जा रही है। लगभग 374.53 किलोमीटर लंबी इस परियोजना का उद्देश्य पूर्वी समर्पित माल गलियारे पर दबाव कम करना और माल एवं यात्री परिवहन को अधिक सुगम बनाना है।
परियोजना पर कार्य कर रही एलएंडटी एजेंसी के अनुसार मानपुर क्षेत्र में भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और अधिग्रहित भूमि पर रेलवे ट्रैक बिछाने का काम जारी है। इसी के तहत बृजेश नगर में बने झोपड़ीनुमा अतिक्रमणों को हटाया गया।
मानपुर के अंचल अधिकारी (सीओ) सुबोध कुमार सिंह ने बताया कि सभी अतिक्रमणकारियों को पहले ही नोटिस दिया जा चुका था। कुल 76 अतिक्रमणकारियों के खिलाफ कार्रवाई की गई, जिसमें जेसीबी मशीनों और मजदूरों की मदद ली गई।
सदर एसडीएम अनिल कुमार रमन ने बताया कि विस्थापित परिवारों को पुनर्वास और पुनर्व्यवस्था नीति 2013 के तहत मानपुर अंचल के रूपसपुर में दो-दो डिसिमल जमीन उपलब्ध कराई गई है, जहां उन्हें बसाया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य परियोजना को गति देने के साथ-साथ विस्थापितों के उचित पुनर्वास को भी सुनिश्चित करना है।
इस अवसर पर एसडीपीओ वजीरगंज सुनील कुमार पाण्डेय, मानपुर सीओ सुबोध कुमार सिंह, रेलवे के डिप्टी चीफ इंजीनियर शशि कुमार सहित कई प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में पुलिस बल मौजूद थे।
रेलवे के अनुसार परियोजना पूरी होने के बाद ट्रेनों की गति 160 किलोमीटर प्रति घंटे तक बढ़ सकेगी, भीड़ कम होगी और यात्री सुविधाओं में उल्लेखनीय सुधार आएगा।
