बिहार आर्थिक अपराध इकाई (ईओयू) ने समस्तीपुर जिले में बड़ी कार्रवाई करते हुए रोसड़ा नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी उपेंद्र नाथ वर्मा के आवास पर छापेमारी की। यह कार्रवाई आय से अधिक संपत्ति के मामले में दर्ज शिकायत के आधार पर की गई थी।
ईओयू, पटना के पुलिस उपाधीक्षक पवन कुमार ने बताया कि टीम ने रोसड़ा शहर स्थित नंद चौक पर वर्मा के आवास की तलाशी ली। इस दौरान लगभग 5 लाख रुपये नकद, बीमा से जुड़े कई कागजात और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किए गए।
उन्होंने बताया कि उपेंद्र नाथ वर्मा के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति को लेकर शिकायत मिलने के बाद निगरानी थाना में मामला दर्ज किया गया था। वहीँ, जांच आगे बढ़ने पर ईओयू की टीम ने छापेमारी की कार्रवाई को अंजाम दिया।
मामले में आगे जांच जारी है और बरामद दस्तावेजों की गहन पड़ताल की जा रही है ताकि आय के स्रोत और संपत्ति की वास्तविकता का पता लगाया जा सके।
