फतेहगढ़ चूड़ियां में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने खाद्य सुरक्षा को लेकर विभिन्न दुकानों पर छापेमारी कर जांच अभियान चलाया। इस दौरान बीकानेर मिठाई की दुकान सहित करीब 10 दुकानों से खाने-पीने के सामान के सैंपल लिए गए।
स्वास्थ्य विभाग के सहायक कमिश्नर (फूड) डॉ. जी.एस. पन्नू के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। उन्होंने बताया कि बीते दिनों बीकानेर मिठाई की दुकान पर घटिया गुणवत्ता की मिठाई बेचे जाने संबंधी खबरें सामने आई थीं। इसी को ध्यान में रखते हुए विभाग ने आज विशेष जांच अभियान चलाया।
छापेमारी के दौरान अधिकारियों ने अलग-अलग दुकानों से मिठाइयों और अन्य खाद्य पदार्थों के कुल 10 सैंपल एकत्र किए, जिन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद नियमों के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
डॉ. पन्नू ने स्पष्ट कहा कि लोगों की सेहत के साथ किसी भी दुकानदार को खिलवाड़ करने की अनुमति नहीं दी जाएगी और खाद्य सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।
