भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के पूर्व अध्यक्ष इंदरजीत सिंह बिंद्रा का निधन हो गया है। उन्होंने 84 वर्ष की उम्र में कल अंतिम सांस ली। भारतीय क्रिकेट के व्यावसायीकरण और मार्केटिंग को नई दिशा देने में उनकी अहम भूमिका रही।
इंदरजीत सिंह बिंद्रा वर्ष 1993 से 1996 तक बीसीसीआई के अध्यक्ष रहे। इसके अलावा उन्होंने पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन (PCA) के अध्यक्ष के रूप में भी लंबा कार्यकाल निभाया। वे 1978 से 2014 तक लगातार 36 वर्षों तक पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष रहे, जो अपने आप में एक रिकॉर्ड है।
भारतीय क्रिकेट के विकास में उनके उल्लेखनीय योगदान को सम्मान देते हुए वर्ष 2015 में मोहाली स्थित पीसीए स्टेडियम का नाम बदलकर आई.एस. बिंद्रा स्टेडियम रखा गया था। यह स्टेडियम देश के प्रमुख अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्थलों में से एक है।
इंदरजीत सिंह बिंद्रा के निधन पर क्रिकेट जगत में शोक की लहर है। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) के चेयरमैन जय शाह ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए गहरा शोक व्यक्त किया और उन्हें भारतीय क्रिकेट प्रशासन का एक मजबूत स्तंभ बताया।
