एआई कंपनी Fractal Analytics के शेयरों में सोमवार को कमजोर लिस्टिंग के बाद गिरावट देखने को मिली। दोपहर 12 बजे तक कंपनी का शेयर अपने इश्यू प्राइस से करीब 5 प्रतिशत नीचे कारोबार कर रहा था, जिससे निवेशकों के बीच सतर्कता का माहौल देखने को मिला।
कंपनी के शेयर की लिस्टिंग National Stock Exchange पर 900 रुपए के इश्यू प्राइस के मुकाबले 2.67 प्रतिशत के डिस्काउंट के साथ 876 रुपए पर हुई। लिस्टिंग के बाद शेयर में गिरावट और तेज हो गई और दोपहर 12 बजे तक यह 4.77 प्रतिशत गिरकर 857 रुपए पर कारोबार कर रहा था।
वहीं Bombay Stock Exchange पर शेयर की शुरुआत सपाट स्तर पर हुई थी। खबर लिखे जाने तक यह 4.74 प्रतिशत की गिरावट के साथ 857.30 रुपए पर कारोबार कर रहा था। इस दौरान कंपनी का मार्केट कैप करीब 14,868 करोड़ रुपए के आसपास रहा। कारोबार के दौरान शेयर ने एनएसई पर 852 रुपए का न्यूनतम स्तर और 897.30 रुपए का उच्चतम स्तर छुआ, जो यह दर्शाता है कि निवेशक फिलहाल इस स्टॉक को लेकर सावधानी बरत रहे हैं।
फ्रैक्टल एनालिटिक्स का आईपीओ साइज 2,833.90 करोड़ रुपए था। इसमें 1.14 करोड़ शेयरों का फ्रेश इश्यू शामिल था, जिसकी कुल कीमत 1,025.58 करोड़ रुपए थी। इसके अलावा 2.01 करोड़ शेयरों का ऑफर फॉर सेल (OFS) भी शामिल था, जिसकी कीमत 1,808.32 करोड़ रुपए रही। यह आईपीओ 9 फरवरी से 11 फरवरी तक निवेशकों के लिए खुला था और इसे बाजार से मिला-जुला रिस्पॉन्स मिला। कुल मिलाकर यह आईपीओ 2.66 गुना सब्सक्राइब हुआ था।
कंपनी के अनुसार, नए शेयर जारी कर जुटाई गई राशि का उपयोग उसकी सहायक कंपनी Fractal USA में निवेश करने के लिए किया जाएगा। इसके अलावा यह फंड कंपनी के कर्ज चुकाने, लैपटॉप खरीदने, भारत में नए ऑफिस खोलने, रिसर्च एंड डेवलपमेंट को मजबूत करने और फ्रैक्टल अल्फा प्लेटफॉर्म के तहत बिक्री और मार्केटिंग को बढ़ाने में इस्तेमाल किया जाएगा।
इसके साथ ही कंपनी इस पूंजी का उपयोग अधिग्रहण, रणनीतिक निवेश और सामान्य कॉर्पोरेट जरूरतों को पूरा करने के लिए भी करेगी। बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले समय में कंपनी का प्रदर्शन इस बात पर निर्भर करेगा कि वह एआई सेक्टर में अपनी ग्रोथ रणनीति को कितनी तेजी से लागू करती है।
