भोपाल। शहर में संगीत प्रेमियों के लिए आयोजित “गाता रहे मेरा दिल – सीजन 1” म्यूजिकल कार्यक्रम एक यादगार और सुरमयी शाम के रूप में संपन्न हुआ। इस कराओके कार्यक्रम में विभिन्न आयु वर्ग के 40 प्रतिभागियों ने मंच पर अपनी गायन प्रस्तुति दी।
कार्यक्रम की विशेषता यह रही कि इसमें 18 वर्ष से लेकर 79 वर्ष से अधिक आयु तक के प्रतिभागियों ने भाग लिया। विशेष रूप से चार गायक ऐसे थे जिनकी आयु 70 वर्ष से अधिक थी और उन्होंने मंच पर शानदार प्रस्तुति देकर सभी का मन मोह लिया।
इनमें 79 वर्षीय रमेश शाहपुरकर विशेष आकर्षण का केंद्र रहे, जो इस कार्यक्रम में भाग लेने के लिए विशेष रूप से महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजी नगर से भोपाल आए थे। उन्होंने मंच पर ‘बार बार देखो’ गीत प्रस्तुत किया, जिस पर युवाओं ने भी खूब आनंद लिया और कार्यक्रम का माहौल उत्साहपूर्ण हो गया।
कार्यक्रम में पुराने हिंदी फिल्मों के लोकप्रिय गीतों ने विशेष रूप से दर्शकों का मन जीत लिया। इनमें ‘बार बार देखो, हजार बार देखो’, ‘पिया तू अब तो आजा’, ‘बचना ऐ हसीनों’ और ‘बदन पे सितारे लपेटे हुए’ जैसे सदाबहार गीतों की प्रस्तुतियाँ दी गईं, जिन्हें दर्शकों ने खूब सराहा।
इस कार्यक्रम की एक और विशेषता यह रही कि यह पूरा मंच महिलाओं के एक समूह द्वारा संचालित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य शौकिया गायकों को एक ऐसा मंच देना था जहाँ वे बिना किसी प्रतियोगिता और दबाव के सिर्फ संगीत का आनंद ले सकें और अपने शौक को मंच दे सकें।
इस अवसर पर आयोजक संस्था V5 Entertainments की ओर से संगीता जैन ने कहा, “‘गाता रहे मेरा दिल’ सिर्फ एक कार्यक्रम नहीं है, बल्कि यह एक ऐसा मंच है जहाँ लोग अपने शौक को जी सकते हैं। हमारा उद्देश्य शहर में एक सकारात्मक म्यूजिकल प्लेटफॉर्म और कम्युनिटी बनाना है, जहाँ हर उम्र के लोग आकर गा सकें और संगीत का आनंद ले सकें। हमें खुशी है कि पहले ही कार्यक्रम को लोगों का इतना अच्छा प्रतिसाद मिला।”
कार्यक्रम में V5 Entertainments के इस म्यूजिकल प्लेटफॉर्म की औपचारिक शुरुआत भी की गई। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों, अतिथियों, सहयोगियों और दर्शकों का आभार व्यक्त किया गया। आयोजकों ने बताया कि भविष्य में भी इस तरह के म्यूजिकल कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे।
