गया अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर इंडिगो एयरलाइंस की सभी उड़ान सेवाएँ अब पूरी तरह सामान्य हो चुकी हैं। यह जानकारी एयरपोर्ट के कार्यकारी निदेशक अवधेश कुमार ने बुधवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी।
उन्होंने बताया कि 4 से 6 दिसंबर के बीच खराब मौसम और तकनीकी दिक्कतों की वजह से इंडिगो की पाँच आगमन और पाँच प्रस्थान उड़ानें प्रभावित हुई थीं। इस कारण यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ा। हालांकि इस दौरान एयर इंडिया की गया–दिल्ली और दिल्ली–गया उड़ानें पूरी तरह निर्धारित समय पर संचालित होती रहीं।
अवधेश कुमार ने स्पष्ट किया कि वर्तमान में गया एयरपोर्ट से संचालित सभी घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानें समयानुसार चल रही हैं। उन्होंने यात्रियों से अपील की कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें, क्योंकि इंडिगो की सभी सेवाएँ अब नियमित रूप से उपलब्ध हैं।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में अविनाश सोरेंग, अमित पांडे और CISF के डिप्टी कमांडेंट भी मौजूद थे।
