26 जनवरी को नई दिल्ली में आयोजित रिपब्लिक डे कैंप (आरडीसी-2026) में गया का प्रतिनिधित्व करने वाले 27 बिहार बटालियन के एनसीसी कैडेट राज रतन ने गणतंत्र दिवस परेड में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन किया। उनके सराहनीय प्रदर्शन के लिए उन्हें दिल्ली में सम्मानित किया गया। बिहार लौटने पर राज्यपाल द्वारा भी उन्हें पुरस्कृत किया गया।
इस उपलब्धि के उपलक्ष्य में 27 बिहार बटालियन परिसर में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कमांडिंग ऑफिसर कर्नल रोहित चौहान ने कैडेट राज रतन को मोमेंटो और प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि राज रतन की सफलता अन्य कैडेटों के लिए प्रेरणादायक है और यह बटालियन के लिए गर्व का विषय है।
इस अवसर पर ऑनरेरी कैप्टन आरबी शर्मा, सूबेदार अभिरंजन, पीआई स्टाफ तथा अन्य कैडेट उपस्थित रहे। समारोह का वातावरण उत्साह और गर्व से परिपूर्ण रहा तथा सभी ने कैडेट के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
