सरकारी ई-मार्केटप्लेस (GeM) प्लेटफॉर्म पर पंजीकृत सूक्ष्म एवं लघु उद्यमों (MSEs) की संख्या 11 लाख के आंकड़े को पार कर चुकी है। वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय के अनुसार, पिछले महीने तक इन उद्यमों ने GeM के माध्यम से 7 लाख करोड़ रुपये से अधिक मूल्य के सरकारी ऑर्डर हासिल किए हैं। यह राशि GeM पर हुए कुल लेन-देन मूल्य का 44 प्रतिशत से भी अधिक है, जो सरकार द्वारा निर्धारित 25 प्रतिशत वार्षिक अनिवार्य क्रय लक्ष्य से कहीं आगे है.
GeM एक डिजिटल प्लेटफॉर्म है, जो सूक्ष्म एवं लघु उद्यमों के साथ-साथ महिलाओं द्वारा संचालित उद्यमों, अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति से जुड़े कारोबारों तथा स्टार्टअप्स को सरकारी खरीद प्रक्रिया में सीधे भागीदारी का अवसर देता है। मंत्रालय ने बताया कि प्लेटफॉर्म पर पंजीकृत 2 लाख से अधिक महिला-स्वामित्व वाले उद्यमों ने अब तक कुल 78 हजार करोड़ रुपये से अधिक के ऑर्डर प्राप्त किए हैं, जिससे महिला उद्यमिता और समावेशी आर्थिक विकास को मजबूत बढ़ावा मिला है.
