भारतीय सर्राफा बाजार में आज सोने और चांदी की कीमतों में गिरावट दर्ज की गई। इससे पहले के कारोबारी सत्र में दोनों कीमती धातुओं ने रिकॉर्ड स्तर छुए थे। जानकारों के मुताबिक, मुनाफावसूली, वैश्विक स्तर पर भू-राजनीतिक तनाव में कमी और अमेरिकी डॉलर की मजबूती के कारण कीमतों पर दबाव देखने को मिला है।
मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर फरवरी डिलीवरी वाला सोना करीब आधा प्रतिशत गिरकर 1 लाख 52 हजार 168 रुपये प्रति 10 ग्राम के आसपास कारोबार करता देखा गया। वहीं मार्च डिलीवरी वाली चांदी की कीमत में भी 0.7 प्रतिशत से अधिक की गिरावट आई और यह 3 लाख 16 हजार 175 रुपये प्रति किलोग्राम के स्तर पर कारोबार कर रही थी।
इसी बीच, सोने और चांदी से जुड़े एक्सचेंज-ट्रेडेड फंड्स (ETF) में भी आज तेज गिरावट देखी गई। रिपोर्ट्स के अनुसार, कीमती धातुओं की कीमतों में आई कमजोरी के चलते ईटीएफ में 15 प्रतिशत तक की गिरावट दर्ज की गई। गौरतलब है कि इससे पहले के सत्र में गोल्ड और सिल्वर ईटीएफ ने रिकॉर्ड तेजी दिखाते हुए नए ऑल-टाइम हाई स्तर छुए थे।
