गोरखपुर में यातायात व्यवस्था को सुगम और निर्बाध बनाने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ओर से एक बड़ी सौगात मिलने जा रही है। नाथपंथ के विश्व विख्यात गोरखनाथ मंदिर और सोनौली मार्ग होते हुए नेपाल तक की कनेक्टिविटी को मजबूत करने वाले धर्मशाला–गोरखनाथ मंदिर मार्ग पर बने नए गोरखनाथ ओवरब्रिज का निर्माण कार्य पूरा हो गया है। इस नवनिर्मित ओवरब्रिज का लोकार्पण मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज करेंगे।
धर्मशाला–गोरखनाथ मंदिर मार्ग पर लखनऊ–गोरखपुर रेलमार्ग के डोमिनगढ़ और गोरखपुर जंक्शन रेलवे स्टेशन के बीच स्थित क्रॉसिंग संख्या 162ए पर पहले से एक ओवरब्रिज मौजूद है। इस मार्ग पर लगातार बढ़ते यातायात दबाव के चलते आए दिन जाम की स्थिति बनी रहती थी। इसी समस्या को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी के निर्देश पर पुराने ओवरब्रिज के समानांतर एक नया ओवरब्रिज बनवाया गया है।
इस नए गोरखनाथ ओवरब्रिज के निर्माण पर करीब 137.83 करोड़ रुपये की लागत आई है। इसके चालू होने से गोरखनाथ मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं, स्थानीय नागरिकों और सोनौली–नेपाल मार्ग पर यात्रा करने वाले वाहनों को बड़ी राहत मिलेगी। साथ ही शहर के यातायात दबाव में भी उल्लेखनीय कमी आने की उम्मीद है।
