सरगुजा जिले के किसान इन दिनों धान खरीदी से काफी खुश नजर आ रहे हैं। थोर ग्राम पंचायत के किसान गोरेलाल राजवाड़े ने केशवपुर धान उपार्जन केंद्र में धान बेचते हुए खरीदी व्यवस्था की जमकर तारीफ की। उनका कहना है कि इस बार धान खरीदी में किसी तरह की परेशानी नहीं हो रही है।
गोरेलाल बताते हैं कि समिति से टोकन लेने में उन्हें कोई दिक्कत नहीं हुई। ये प्रक्रिया इतनी आसान थी कि उन्हें जरा भी परेशानी नहीं हुई। उपार्जन केंद्र पर पहुंचते ही सारी व्यवस्थाएं एकदम दुरुस्त मिलीं। धान की खरीदी बिना किसी झंझट के हो रही है। उन्होंने अपने पहले टोकन में 46 क्विंटल धान बेचा है और बाकी धान भी जल्द ही बेचने आएंगे। उनका कहना है कि धान खरीदी प्रक्रिया इतनी व्यवस्थित है कि किसान बिना किसी चिंता के खरीदी केंद्र पहुंच रहे हैं।
गोरेलाल राजवाड़े मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की सरकार की किसान हितैषी नीतियों से बेहद खुश हैं। उन्होंने बताया कि इस बार किसानों को धान का 3100 रुपये प्रति क्विंटल का भाव मिल रहा है, जिससे इलाके के किसानों में खुशी की लहर है। गोरेलाल का कहना है कि ये दाम किसानों को आर्थिक रूप से मजबूत बना रहा है और पूरे परिवार की रोजी-रोटी चलाने में मददगार साबित हो रहा है। गोरेलाल राजवाड़े ने मुख्यमंत्री और जिला प्रशासन को सुचारू, पारदर्शी और किसान हितैषी धान खरीदी व्यवस्था के लिए धन्यवाद दिया। उनका कहना है कि सरकार किसानों के लिए अच्छा काम कर रही है।
