प्रदेश की राज्यपाल Anandiben Patel सोनभद्र पहुंचीं, जहां उन्होंने कलेक्ट्रेट और विकास भवन में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में सहभागिता की। कलेक्ट्रेट परिसर में उन्होंने सरदार वल्लभभाई पटेल वाटिका का लोकार्पण किया तथा वित्तीय समावेशन जागरूकता शिविर का शुभारंभ किया।
इसके बाद राज्यपाल ने जिला पंचायत रिसोर्स सेंटर में आयोजित विकास प्रदर्शनी का अवलोकन किया और एचपीवी टीकाकरण कार्यक्रम में शामिल हुईं। उन्होंने विभिन्न लाभार्थियों को आंगनबाड़ी किट, वनवासी पट्टा एवं अन्य सरकारी योजनाओं से संबंधित प्रमाण पत्र वितरित किए।
अपने संबोधन में राज्यपाल ने कहा कि सरकारी योजनाएं अमीरों के लिए नहीं, बल्कि जरूरतमंदों के लिए होती हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि योजनाओं को समयबद्ध तरीके से लागू करना उनकी जिम्मेदारी है। साथ ही उन्होंने कार्यप्रणाली में सुधार की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि कई बार अधिकारी अपने बजट पर ध्यान नहीं देते और वित्तीय वर्ष समाप्त हो जाता है।
