गुवाहाटी मास्टर्स 2025 में भारत ने बैडमिंटन के पुरुष एकल वर्ग में गोल्ड मेडल पक्का कर लिया है। भारतीय खिलाड़ियों संस्कार सरस्वत और मिथुन मंजनाथ ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सीधे गेमों में जीत हासिल कर पुरुष एकल फाइनल में जगह बनाई। संस्कार ने इंडोनेशिया के डेंडी ट्राइअनश्याह को 21-19, 21-19 से हराया, जबकि मिथुन ने भारतीय खिलाड़ी तुषार सुवीर को 22-20, 21-8 से मात दी। अब फाइनल में दोनों भारतीय खिलाड़ी आमने-सामने होंगे और भारत को स्वर्ण पदक मिलना तय है।
महिला एकल में भारत की उभरती सितारा खिलाड़ी तन्वी शर्मा आज खिताब जीतने के इरादे से उतरेंगी। वर्ल्ड जूनियर चैंपियनशिप की रजत पदक विजेता तन्वी ने जापान की तीसरी वरीयता प्राप्त हिना अकेची को 21-18, 21-16 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। खिताबी मुकाबले में उनका सामना चीनी ताइपे की तुंग सिउ-तोंग से होगा।
भारत ने पुरुष युगल वर्ग में भी फाइनल में जगह बनाई है। शीर्ष वरीयता प्राप्त प्रुथ्वी कृष्णमूर्ति रॉय और साई प्रतीक आज फाइनल में उतरेंगे, जहाँ उनका मुकाबला मलेशिया के कांग खाई जिंग और आरोन ताई से होगा।
गुवाहाटी मास्टर्स 2025 पूर्वोत्तर भारत का सबसे बड़ा अंतरराष्ट्रीय बैडमिंटन टूर्नामेंट है और यह BWF World Tour Super 100 सर्किट का हिस्सा है। भारत के लगातार बेहतरीन प्रदर्शन ने इस प्रतियोगिता में देश की मजबूत पकड़ को और भी सुदृढ़ किया है।
