हरिद्वार। शारदीय कांवड़ यात्रा अपने अंतिम चरण में पहुँच चुकी है और धर्मनगरी हरिद्वार में शिवभक्तों का तांता लगा हुआ है। हरिद्वार पुलिस ने पूरे मेला क्षेत्र को 9 जोन और 20 सेक्टर में विभाजित कर सुरक्षा और व्यवस्थाओं को सुनिश्चित किया है।
मेले की व्यवस्थाओं का निरीक्षण जिलाधिकारी हरिद्वार मयूर दीक्षित और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) हरिद्वार ने किया। निरीक्षण के दौरान ट्रैफिक, पेयजल और अन्य जरूरी व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने बताया कि यह निरीक्षण आगामी सावन के कांवड़ मेले और कुंभ मेला की तैयारियों का रिहर्सल भी है। इस दौरान कांवड़ियों से फीडबैक लिया गया और उनकी सहूलियतों को देखते हुए व्यवस्थाओं में आवश्यक सुधार किये गए।
