बिहार के रोहतास जिले के शिवसागर थाना क्षेत्र स्थित थनुआ गांव में बीती रात एक शादी समारोह में उस वक्त कोहराम मच गया, जब हर्ष फायरिंग के दौरान एक व्यक्ति की जान चली गई। नाच-गाने और खुशियों से गुलजार माहौल अचानक मातम में बदल गया।
मृतक की पहचान बक्सर जिले के इटाढ़ी थाना क्षेत्र के चिल्हर गांव निवासी 50 वर्षीय नंदन कुमार सिंह के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि नंदन बारात में शामिल होने आए थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शादी समारोह में अचानक कुछ लोगों ने फायरिंग शुरू कर दी। इसी दौरान नंदन कुमार सिंह को गोली लग गई। घटना के बाद अफरातफरी मच गई और घायल नंदन को आनन-फानन में स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और शादी में शामिल लोगों से पूछताछ की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि ग्राम थनुआ में हुई हर्ष फायरिंग में एक व्यक्ति की मौत हुई है और पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। सभी पहलुओं पर बारीकी से छानबीन की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा गया है, जहां पंचनामा तैयार किया जा रहा है। इस घटना से मृतक के परिवार में शोक की लहर दौड़ गई है।
