हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बेटियों के स्वास्थ्य और सर्वाइकल कैंसर से बचाव को लेकर केंद्र सरकार द्वारा शुरू किए गए राष्ट्रव्यापी एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण अभियान की सराहना करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य देश की बेटियों को गंभीर बीमारियों से सुरक्षित भविष्य प्रदान करना है।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी आज लाडवा में आयोजित एचपीवी टीकाकरण अभियान के कार्यक्रम में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि एचपीवी वैक्सीन पूरी तरह सुरक्षित है और वैज्ञानिक शोध पर आधारित है। उन्होंने बताया कि दुनिया के लगभग 160 देशों में इस वैक्सीन का सफलतापूर्वक उपयोग किया जा रहा है, जिससे इसकी प्रभावशीलता और विश्वसनीयता साबित होती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा सरकार आगामी तीन महीनों के भीतर राज्य की प्रत्येक पात्र बालिका तक यह टीका निशुल्क उपलब्ध कराने का लक्ष्य लेकर काम कर रही है। उन्होंने बताया कि टीकाकरण के बाद सभी बालिकाओं को डिजिटल प्रमाण पत्र भी प्रदान किया जाएगा, जिससे स्वास्थ्य रिकॉर्ड सुरक्षित और व्यवस्थित रहेगा।
उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपनी बेटियों को इस टीकाकरण अभियान से अवश्य जोड़ें, ताकि भविष्य में सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाव सुनिश्चित किया जा सके। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार बेटियों के स्वास्थ्य, सुरक्षा और सशक्त भविष्य के लिए लगातार प्रतिबद्ध है।
