आईसीसी महिला टी20 विश्व कप 2026 के क्वालीफायर मुकाबलों का कार्यक्रम घोषित कर दिया गया है। इस वैश्विक क्वालीफायर टूर्नामेंट में कुल 10 टीमें हिस्सा लेंगी, जो विश्व कप में प्रवेश के लिए उपलब्ध अंतिम चार स्थानों के लिए प्रतिस्पर्धा करेंगी। यह टूर्नामेंट 14 जनवरी से 1 फरवरी तक नेपाल में आयोजित किया जाएगा।
क्वालीफायर मुकाबले काठमांडू के दो प्रमुख मैदानों—त्रिभुवन विश्वविद्यालय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट ग्राउंड और अपर मुलपानी क्रिकेट ग्राउंड—में खेले जाएंगे। टूर्नामेंट की शुरुआत से पहले 14 जनवरी से कुल 10 अभ्यास मैच (वार्म-अप) आयोजित किए जाएंगे। इसके बाद मुख्य टूर्नामेंट का आगाज 18 जनवरी से होगा।
18 जनवरी को खेले जाने वाले शुरुआती मुकाबलों में बांग्लादेश का सामना नीदरलैंड्स से होगा, वहीं जिम्बाब्वे और पापुआ न्यू गिनी की टीमें आमने-सामने होंगी। इसके अलावा मेजबान नेपाल की टीम आयरलैंड के खिलाफ मैदान में उतरेगी।
टूर्नामेंट को दो समूहों में बांटा गया है। ग्रुप ए में बांग्लादेश, आयरलैंड, नामीबिया, पापुआ न्यू गिनी और संयुक्त राज्य अमेरिका की टीमें शामिल हैं। वहीं ग्रुप बी में मेजबान नेपाल के साथ नीदरलैंड्स, स्कॉटलैंड, थाईलैंड और जिम्बाब्वे की टीमें खेलती नजर आएंगी।
यह टूर्नामेंट महिला क्रिकेट के लिए बेहद अहम माना जा रहा है, क्योंकि यहां से शीर्ष चार टीमें आईसीसी महिला टी20 विश्व कप 2026 के लिए अपना टिकट पक्का करेंगी।
