आईसीसी टी-20 क्रिकेट विश्व कप 2026 में भारतीय टीम आज अपने सुपर 8 अभियान की शुरुआत दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ करेगी। यह मुकाबला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में शाम 7 बजे से खेला जाएगा। क्रिकेट प्रशंसकों की नजरें इस हाई-वोल्टेज मैच पर टिकी हुई हैं।
भारत ने ग्रुप चरण में शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने सभी चार मुकाबले जीतकर अंक तालिका में शीर्ष स्थान हासिल किया। टीम इंडिया की शुरुआत अमेरिका के खिलाफ थोड़ी संघर्षपूर्ण रही, लेकिन बाद में उसने नामीबिया को 93 रनों से हराकर दमदार वापसी की। बहुप्रतीक्षित मुकाबले में भारत ने पाकिस्तान को 61 रनों से पराजित किया। अपने अंतिम ग्रुप मैच में भारत ने नीदरलैंड्स को 17 रनों से हराकर सुपर 8 में प्रवेश किया।
दूसरी ओर दक्षिण अफ्रीका ने भी टूर्नामेंट की शुरुआत 57 रनों से कनाडा को हराकर की। दूसरे मैच में अफगानिस्तान के खिलाफ उन्हें सुपर ओवर तक जाना पड़ा, जहां उन्होंने रोमांचक जीत दर्ज की। इसके बाद प्रोटियाज ने न्यूजीलैंड को सात विकेट से हराकर सुपर 8 में अपनी जगह पक्की की। ग्रुप चरण के अंतिम मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका ने यूएई को छह विकेट से हराया।
सुपर 8 चरण में ग्रुप 1 में भारत, जिम्बाब्वे, वेस्टइंडीज और दक्षिण अफ्रीका शामिल हैं। वहीं ग्रुप 2 में पाकिस्तान, श्रीलंका, इंग्लैंड और न्यूजीलैंड की टीमें हैं। इस चरण में प्रत्येक टीम अपने ग्रुप में तीन-तीन मैच खेलेगी। दोनों ग्रुपों की शीर्ष दो टीमें सेमीफाइनल में प्रवेश करेंगी। सुपर 8 की शुरुआत सभी टीमें शून्य अंकों के साथ करेंगी और ग्रुप चरण का नेट रन रेट आगे नहीं जोड़ा जाएगा।
इस बीच, सुपर 8 का पहला मुकाबला न्यूजीलैंड और पाकिस्तान के बीच कोलंबो में खेला जाना था, लेकिन भारी बारिश के कारण मैच रद्द कर दिया गया। दोनों टीमों को एक-एक अंक दिए गए। पाकिस्तान अब 24 फरवरी को पल्लेकेले इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में इंग्लैंड से भिड़ेगा, जबकि न्यूजीलैंड 25 फरवरी को कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में श्रीलंका के खिलाफ मैदान में उतरेगा।
