इज़राइल में मौजूदा सुरक्षा परिस्थितियों को देखते हुए भारत सरकार ने वहां रह रहे भारतीय नागरिकों के लिए एडवाइजरी जारी की है। इज़राइल स्थित भारतीय दूतावास ने सभी भारतीयों से अत्यधिक सतर्कता बरतने और हर समय सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
भारतीय दूतावास, तेल अवीव द्वारा जारी सलाह में कहा गया है कि भारतीय नागरिक इज़राइली अधिकारियों और होम फ्रंट कमांड द्वारा जारी सुरक्षा दिशानिर्देशों और निर्देशों का सख्ती से पालन करें। साथ ही उन्हें अपने निवास या कार्यस्थल के पास स्थित सुरक्षित शेल्टरों की जानकारी रखने और उनके निकट रहने की सलाह दी गई है।
एडवाइजरी में भारतीय नागरिकों को अगली सूचना तक इज़राइल के भीतर अनावश्यक और गैर-जरूरी यात्रा से बचने के लिए कहा गया है। नागरिकों से स्थानीय समाचार, आधिकारिक घोषणाओं और आपातकालीन अलर्ट पर नियमित रूप से नजर बनाए रखने का आग्रह भी किया गया है।
किसी भी आपात स्थिति में भारतीय नागरिक भारतीय दूतावास, तेल अवीव के 24×7 हेल्पलाइन नंबर +972-54-7520711 या ईमेल cons1.telaviv@mea.gov.in पर संपर्क कर सकते हैं। दूतावास ने बताया कि वह स्थानीय अधिकारियों के साथ लगातार संपर्क में है और आवश्यकतानुसार आगे भी अपडेट जारी करता रहेगा।
