नरेंद्र मोदी ने इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट के उद्घाटन से पहले नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में वैश्विक नेताओं का स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने संयुक्त राष्ट्र के महासचिव एंटोनियो गुटेरेस और अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष की प्रबंध निदेशक क्रिस्टालिना जॉर्जीवा का भी विशेष रूप से स्वागत किया।
कार्यक्रम स्थल पर सभी अतिथियों का पारंपरिक भारतीय संगीत और नृत्य के साथ स्वागत किया गया। प्रधानमंत्री ने वैश्विक नेताओं के सम्मान में रात्रि भोज का भी आयोजन किया। इससे पहले दिन में प्रधानमंत्री ने समिट में भाग लेने आए विभिन्न देशों के नेताओं के साथ द्विपक्षीय बैठकें भी कीं।
इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट 2026 का आयोजन 16 से 20 फरवरी तक किया जा रहा है, जिसमें दुनियाभर के नीति निर्माताओं, तकनीकी विशेषज्ञों और उद्योग जगत के प्रतिनिधि भाग ले रहे हैं। यह सम्मेलन वैश्विक स्तर पर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के उपयोग, सहयोग और नवाचार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समिट के उद्घाटन समारोह में भाग लेंगे। इस समारोह में विभिन्न देशों के शीर्ष नेता और उद्योग जगत के प्रतिनिधि भी संबोधित करेंगे। इस आयोजन को भारत की वैश्विक एआई नेतृत्व क्षमता और तकनीकी सहयोग को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
