हॉकी जूनियर महिला विश्व कप 2025 में भारत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए उरुग्वे को 3-1 से शूटआउट में पराजित किया। यह मुकाबला 9वें से 12वें स्थान की क्वालिफिकेशन मैच के लिए खेला गया था, जो सैंटियागो के Centro Deportivo de Hockey Césped, Estadio Nacional में देर रात आयोजित हुआ। निर्धारित समय में मैच 1-1 की बराबरी पर समाप्त हुआ।
भारत के लिए मनीषा ने एकमात्र गोल दागा, जबकि उरुग्वे की तरफ से जस्टिना अर्रेगी ने बराबरी का गोल किया। दोनों टीमों के बीच मुकाबला बेहद रोमांचक रहा और आखिरी मिनट तक किसी भी टीम ने हार नहीं मानी।
शूटआउट में भारत ने शानदार कौशल दिखाते हुए 3-1 से जीत दर्ज की। पूनिमा यादव, इशिका और कनिका सिवाच ने अपने प्रयास में गोल दागे। वहीं भारतीय गोलकीपर निधि ने तीन बार उरुग्वे के प्रयासों को शानदार तरीके से रोककर टीम को जीत दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
इस जीत के साथ भारत टूर्नामेंट में आगे बढ़ चुका है। टीम अब 9वें स्थान के लिए कल स्पेन का सामना करेगी, जहां जीत के साथ भारत अपनी रैंकिंग में सुधार करना चाहेगा।
