भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले हाई-वोल्टेज क्रिकेट मुकाबले ने पूरे देश में जबरदस्त उत्साह पैदा कर दिया है। पंजाब के अमृतसर में क्रिकेट प्रेमियों का जोश साफ देखने को मिल रहा है। शहर के गुरु नानक स्टेडियम में क्रिकेट खेल रहे बच्चों ने भारतीय क्रिकेट टीम की जीत के लिए विशेष प्रार्थना की।
बच्चों और स्थानीय खिलाड़ियों का मानना है कि यह मुकाबला सिर्फ खेल नहीं बल्कि देश की भावनाओं से जुड़ा होता है। उनका कहना है कि जब भी यह मैच होता है तो पूरे देश का माहौल अलग ही हो जाता है और हर भारतीय टीम की जीत की कामना करता है।
इस दौरान इंडियन प्रीमियर लीग की टीम सनराइजर्स हैदराबाद से जुड़े खिलाड़ी सलिल अरोड़ा ने भी भारतीय टीम को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि भारत-पाकिस्तान मैच हमेशा दबाव से भरे होते हैं, लेकिन भारतीय टीम दबाव में अच्छा प्रदर्शन करने की क्षमता रखती है।
उन्होंने युवा बल्लेबाज अभिषेक शर्मा की तारीफ करते हुए कहा कि वह टीम को मजबूत शुरुआत देने की क्षमता रखते हैं और आने वाले समय में भारतीय क्रिकेट के लिए अहम खिलाड़ी साबित हो सकते हैं।
स्टेडियम में मौजूद बच्चों और स्थानीय खिलाड़ियों का भी यही विश्वास है कि भारतीय टीम इस मुकाबले में शानदार प्रदर्शन करेगी और देश का नाम रोशन करेगी।
