अंडर-19 क्रिकेट में भारत ने तीन मैचों की यूथ वनडे सीरीज़ के पहले मुकाबले में मेज़बान दक्षिण अफ्रीका को डकवर्थ-लुईस-स्टर्न (DLS) पद्धति के तहत 25 रन से हरा दिया। यह मैच कल शाम बेनौनी के विलोमूर पार्क में खेला गया।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी करते हुए भारतीय टीम ने 50 ओवर में 300 रन बनाए। भारत की ओर से हरवंश पंगालिया ने शानदार 93 रनों की पारी खेली, जबकि आर.एस. अम्बरीश ने 65 रनों का महत्वपूर्ण योगदान दिया।
301 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए दक्षिण अफ्रीका की टीम 27.4 ओवर में 4 विकेट पर 148 रन बना चुकी थी, तभी बारिश और बिजली गिरने के कारण खेल रोकना पड़ा। इसके बाद मैच दोबारा शुरू नहीं हो सका और DLS नियम के तहत भारत को विजेता घोषित किया गया।
यह तीन मैचों की सीरीज़ दोनों टीमों के लिए आगामी आईसीसी अंडर-19 विश्व कप की तैयारी के लिहाज़ से अहम मानी जा रही है, जिसकी शुरुआत इस महीने की 15 तारीख से होगी। इस सीरीज़ में भारतीय टीम की कमान वैभव सूर्यवंशी संभाल रहे हैं।
