महिला क्रिकेट में भारत ने श्रीलंका के खिलाफ पांच मैचों की टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज़ की शानदार शुरुआत की है। विशाखापट्टनम में खेले गए पहले मुकाबले में भारतीय महिला टीम ने श्रीलंका को 8 विकेट से हराकर सीरीज़ में 1-0 की बढ़त बना ली।
श्रीलंका द्वारा दिए गए 122 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय टीम ने यह लक्ष्य 14.4 ओवर में ही हासिल कर लिया। भारत की ओर से जेमिमा रोड्रिग्स ने बेहतरीन बल्लेबाज़ी करते हुए 44 गेंदों पर नाबाद 69 रन बनाए। उनकी इस शानदार पारी के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। श्रीलंका की ओर से काव्या कविंदी और इनोक रानावेइरा को एक-एक विकेट मिला।
इससे पहले टॉस जीतकर भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर ने पहले गेंदबाज़ी का फैसला किया। पहले बल्लेबाज़ी करते हुए श्रीलंका की टीम ने निर्धारित 20 ओवरों में 6 विकेट पर 121 रन बनाए। श्रीलंका के लिए विश्मी गुनारत्ने ने सर्वाधिक 39 रन की पारी खेली। भारत की ओर से क्रांति गौड़, दीप्ति शर्मा और एन. श्री चरणी ने एक-एक विकेट हासिल किया।
हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में खेली जा रही यह टी20 सीरीज़ भारत की महिला टी20 विश्व कप की तैयारियों का अहम हिस्सा है। सीरीज़ का अगला मुकाबला 23 दिसंबर को एक बार फिर विशाखापट्टनम में खेला जाएगा, जबकि अंतिम तीन मुकाबले तिरुवनंतपुरम में आयोजित किए जाएंगे।
