इंडोनेशिया मास्टर्स बैडमिंटन टूर्नामेंट में भारत के शीर्ष शटलर पीवी सिंधु और लक्ष्य सेन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली है। जकार्ता में खेले जा रहे इस टूर्नामेंट में दोनों खिलाड़ियों ने अपने-अपने मुकाबले सीधे गेम में जीतकर अगले दौर में प्रवेश किया।
महिला एकल वर्ग में दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधु ने डेनमार्क की लाइन होजमार्क क्जेर्सफेल्ट को 21-19, 21-18 से हराकर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया। सिंधु ने पूरे मैच के दौरान संयमित और आक्रामक खेल का प्रदर्शन किया।
पुरुष एकल में सातवीं वरीयता प्राप्त लक्ष्य सेन ने हांगकांग के जेसन गुनावन को 21-10, 21-11 से आसानी से मात दी और क्वार्टर फाइनल का टिकट कटाया। लक्ष्य ने शुरुआत से ही मुकाबले पर अपना दबदबा बनाए रखा।
क्वार्टर फाइनल मुकाबलों में आज लक्ष्य सेन का सामना थाईलैंड के पनित्चाफोन तीरारत्साकुल से होगा, जबकि पीवी सिंधु को महिला एकल में शीर्ष वरीयता प्राप्त चीन की चेन यू फेई की चुनौती का सामना करना पड़ेगा।
वहीं, पूर्व विश्व नंबर एक किदांबी श्रीकांत और पुरुष युगल जोड़ी हरिहरन अम्साकरुनन तथा एम. आर. अर्जुन इस टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं।
