इंदौर में अंगदान को जन-आंदोलन का रूप देने के उद्देश्य से मिताशा फाउंडेशन और सांसद सेवा संकल्प के संयुक्त तत्वावधान में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में शहर के एक लाख लोगों को अंगदान की शपथ दिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया।
इस अवसर पर इंदौर के सांसद शंकर लालवानी ने कहा कि अंगदान केवल महादान नहीं, बल्कि जीवनदान है। उन्होंने कहा कि मकर संक्रांति जैसे पवित्र पर्व से इस अभियान की शुरुआत करना अत्यंत प्रेरणादायक है और इससे अधिक से अधिक लोग इस नेक कार्य से जुड़ेंगे।
बैठक में विशेषज्ञ चिकित्सक डॉ. संजय दीक्षित और परामर्शदाता डॉ. विनीता कोठारी ने अंगदान से संबंधित भ्रांतियों और मिथकों पर विस्तार से चर्चा की तथा लोगों को इसके महत्व के बारे में जागरूक किया। वहीं, सेवानिवृत्त बीएसएफ अधिकारी अजय कुमार जैन ने इस अभियान में समाज की सक्रिय भागीदारी पर जोर दिया और इसे सफल बनाने के लिए सामूहिक प्रयास की आवश्यकता बताई।
