टिहरी झील के तट पर आयोजित अंतरराष्ट्रीय टिहरी एक्रो फेस्टिवल का समापन समारोह मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की उपस्थिति में भव्य रूप से संपन्न हुआ। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया।
इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में भारत समेत 27 देशों के पैराग्लाइडिंग पायलटों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में कुल 178 पायलट शामिल हुए, जिनमें 54 विदेशी और 124 भारतीय पैराग्लाइडिंग पायलट थे। रोमांच और कौशल से भरपूर इस आयोजन ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए टिहरी के कपिल नौटियाल ने प्रथम स्थान प्राप्त कर जिले और प्रदेश का नाम रोशन किया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उनकी उपलब्धि की सराहना करते हुए कहा कि स्थानीय प्रतिभाएं आज अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना रही हैं, जो राज्य के लिए गर्व का विषय है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि टिहरी अब पर्यटन, साहसिक खेलों और जल क्रीड़ा के क्षेत्र में देश के सर्वश्रेष्ठ केंद्रों में से एक बनकर उभर रहा है। उन्होंने बताया कि आने वाले महीनों में टिहरी में पर्यटन और खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कई बड़े और भव्य आयोजनों की श्रृंखला आयोजित की जाएगी, जिससे स्थानीय रोजगार और पर्यटन को नई गति मिलेगी।
