इज़राइल ने तेहरान और बेरूत में एक साथ सैन्य ठिकानों पर लक्षित हमले शुरू किए हैं। इज़राइल की सेना ने बताया कि यह कार्रवाई विशेष रूप से रणनीतिक सैन्य ढांचे को निशाना बनाकर की जा रही है। क्षेत्र में बढ़ते तनाव के बीच इन हमलों को सुरक्षा दृष्टि से अहम कदम माना जा रहा है।
इज़राइल डिफेंस फोर्सेज (IDF) ने सोशल मीडिया पर जारी एक बयान में कहा कि उसके सैनिक दक्षिणी लेबनान में सक्रिय रूप से तैनात हैं। सेना के अनुसार, सीमा क्षेत्र के पास कई महत्वपूर्ण स्थानों पर उनकी मौजूदगी है, जिसे “एन्हांस्ड फॉरवर्ड डिफेंस पोस्टर” यानी अग्रिम सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की रणनीति का हिस्सा बताया गया है।
आईडीएफ ने यह भी कहा कि इज़राइल, हिज़्बुल्लाह के बुनियादी ढांचे को निशाना बनाकर सटीक हमले कर रहा है। सेना का दावा है कि इन हमलों का उद्देश्य उन संरचनाओं को निष्क्रिय करना है जिनका उपयोग इज़राइल के खिलाफ हमलों में किया जा सकता है।
इज़राइल ने आरोप लगाया है कि हिज़्बुल्लाह ने ईरानी शासन की ओर से इज़राइल पर हमला करने का निर्णय लिया। इज़राइली अधिकारियों के अनुसार, यह कार्रवाई क्षेत्रीय स्थिरता के लिए खतरा पैदा कर सकती है और इसी वजह से जवाबी कदम उठाए जा रहे हैं।
मध्य पूर्व में पहले से ही तनावपूर्ण माहौल के बीच इन घटनाओं ने स्थिति को और संवेदनशील बना दिया है। अंतरराष्ट्रीय समुदाय की नजर अब इस बात पर है कि आने वाले दिनों में हालात किस दिशा में बढ़ते हैं।
