भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) बुधवार को संचार उपग्रह BlueBird Block-2 का प्रक्षेपण करेगा। यह अमेरिका की कंपनी AST SpaceMobile का उपग्रह है, जो LVM3-M6 मिशन के तहत लो अर्थ ऑर्बिट में पहुँचे वाला अब तक का सबसे बड़ा व्यावसायिक संचार उपग्रह होगा। यह अगली पीढ़ी के BlueBird Block-2 संचार उपग्रहों का हिस्सा है, जिन्हें सीधे सामान्य मोबाइल स्मार्टफोन पर अंतरिक्ष आधारित सेल्युलर ब्रॉडबैंड कनेक्टिविटी उपलब्ध कराने के लिए डिज़ाइन किया गया है।
इस मिशन के लिए उपयोग होने वाला लॉन्च व्हीकल मार्क-3 (LVM3) इसरो द्वारा विकसित तीन चरणों वाला प्रक्षेपण यान है। यही रॉकेट पहले चंद्रयान-2 और चंद्रयान-3 के प्रक्षेपण के साथ-साथ वनवेब के दो मिशनों के लिए 72 उपग्रहों को भी अंतरिक्ष में स्थापित कर चुका है। LVM3 ने पिछले महीने संपन्न M5-CMS-03 मिशन को भी सफलतापूर्वक अंजाम दिया था, जिससे इसकी विश्वसनीयता और क्षमता दोनों सिद्ध हुई हैं।
