लद्दाख में 5वीं एलजी कप आइस हॉकी चैंपियनशिप का समापन आज कारगिल के बियामाथांग आइस हॉकी ग्राउंड में हुआ। रोमांचक पुरुष फाइनल में आईटीबीपी ने भारतीय सेना की लद्दाख स्काउट्स टीम को हराकर खिताब अपने नाम किया। कड़ी टक्कर वाले इस मुकाबले का फैसला पांच मिनट के अतिरिक्त समय में हुआ, जिसमें आईटीबीपी ने निर्णायक गोल दागा।
टूर्नामेंट के दौरान स्पीड स्केटिंग प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं। इसके अलावा जम्मू-कश्मीर और लद्दाख की टीमों के बीच एक प्रदर्शनी कर्लिंग मैच ने दर्शकों का उत्साह बढ़ाया।
इस अवसर पर लद्दाख के उपराज्यपाल कविंदर गुप्ता ने कहा कि आइस हॉकी लद्दाख के लिए केवल एक खेल नहीं, बल्कि उसकी पहचान है, जो यहां की जलवायु, भूगोल और जीवनशैली से गहराई से जुड़ी हुई है। उन्होंने सभी टीमों के अनुशासन, समर्पण और खेल भावना की सराहना की और कहा कि केंद्र शासित प्रदेश प्रशासन लद्दाख को शीतकालीन खेलों का प्रमुख केंद्र बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।
