जलालाबाद में नशा तस्करों के खिलाफ चल रही मुहिम के तहत पुलिस ने गांव महालम और पालीवाला में बड़े स्तर पर छापेमारी की। डीएसपी गुरसेवक सिंह बराड़ की अगुवाई में तीन थानों के एसएचओ और करीब 100 पुलिस कर्मियों ने संयुक्त रूप से इस कार्रवाई को अंजाम दिया।
रेड के दौरान पुलिस ने लगभग 6000 लीटर लाहन नष्ट की और करीब 100 अवैध शराब की बोतलें बरामद कीं। इसके अलावा एक बिना नंबर का मोटरसाइकिल, मारक हथियार और शराब निकालने वाली भट्टियों का सामान भी जब्त किया गया।
छापेमारी के दौरान गांव महालम में उस समय हंगामा हो गया जब पुलिस एक घर की तलाशी लेने पहुंची। वहां मौजूद एक तस्कर ने 500 लीटर लाहन छिपाने की कोशिश की और लोहे की रॉड उठाकर पुलिस कर्मियों को धमकाने लगा। हालांकि पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए आरोपी को काबू कर लिया। इस दौरान उसने दीवार फांदकर भागने की भी कोशिश की, लेकिन पुलिस ने उसे पकड़ लिया और पूछताछ के लिए थाने ले गई।
वहीं गांव पालीवाला में भी अलग-अलग स्थानों से अवैध शराब और लाहन बरामद की गई। एक घर से 200 लीटर लाहन और एक ऐसा मोटरसाइकिल मिला, जिस पर मारक हथियार लगे हुए थे।
इस संबंध में थाना वैरोका में आबकारी अधिनियम के तहत मामला संख्या 20 दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
