हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने जन औषधि दिवस 2026 के अवसर पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं और कहा कि प्रधानमंत्री भारतीय जनऔषधि परियोजना के माध्यम से देशभर में लोगों को किफायती और गुणवत्तापूर्ण दवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
मुख्यमंत्री ने इस पहल के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि देशभर में स्थापित जन औषधि केंद्र आम नागरिकों को सस्ती दवाएं उपलब्ध कराने का महत्वपूर्ण माध्यम बन चुके हैं।
उन्होंने कहा कि ‘प्रधानमंत्री भारतीय जनऔषधि परियोजना’ यह सुनिश्चित कर रही है कि लोगों के इलाज पर पड़ने वाला आर्थिक बोझ कम हो सके। इस योजना से समाज के हर वर्ग को बड़ी राहत मिल रही है।
मुख्यमंत्री सैनी ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि अधिक से अधिक लोग जन औषधि केंद्रों का लाभ उठाएं और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें, ताकि हर व्यक्ति को सस्ती और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें।
